तहसील दिवस में सुनी गईं 20 जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पौड़ी। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील सभागार पौड़ी में तहसील दिवस आयोजित किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली, जल निकासी, वन्यजीवों से सुरक्षा, विद्यालय भवन, आवारा पशुओं समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया।

अपर चोपड़ा मिशन कॉलोनी में घर के नीचे पानी आने से शौचालय प्रभावित होने की शिकायत पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने राजस्व उपनिरीक्षक को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका को निरीक्षण के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। च्वींचा मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग पर लोक निर्माण विभाग को सड़क के गड्ढों की मरम्मत और नालियों के सुधारीकरण के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने और जंगली सूअरों से सुरक्षा के संबंध में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। सड़कों के किनारे झाड़ी कटान के मामले में लोक निर्माण विभाग से फोटो सहित आख्या मांगी गई।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय केसुंदर गांव की चारदीवारी और पुश्ते के सुधारीकरण के संबंध में शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कोट गांव में आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या तथा बमटी गांव में बारिश के कारण मकान में आई दरार के मामले में भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने को कहा गया। बमटी के प्रकरण को आपदा के अंतर्गत लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें। स्थलीय जांच से जुड़े मामलों में समयबद्ध जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के साथ ही संबंधित शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
