पौड़ी

बमोली में रामलीला की तैयारियां शुरू, ऑडिशन में बच्चों ने दिखाई अभिनय प्रतिभा

द्वारीखाल/पौड़ी। ग्राम बमोली में आगामी रामलीला मंचन को लेकर श्री आदर्श रामलीला समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पंचायत घर में नए बाल कलाकारों के लिए ऑडिशन एवं परीक्षा आयोजित की गई। इसमें गांव के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


ऑडिशन में राजा रावत, खुशी रावत, सुजल रावत, योगेश प्रसाद, प्रियांशु, रिधिमा, मानवी रावत, सागर रावत, दीपक टम्टा, ज्योति टम्टा और वंदना सहित कुल 11 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों के प्रदर्शन के आधार पर समिति ने मुख्य पात्रों की पहली सूची जारी की है। इसमें श्रीराम की भूमिका प्रियांशु, लक्ष्मण की भूमिका राजा रावत और माता सीता की भूमिका योगेश प्रसाद को दी गई है। समिति के अनुसार अन्य पात्रों का चयन भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
रामलीला की तैयारियों को लेकर गांव के बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। आगामी रिहर्सल को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए खुशी रावत को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह प्रतिदिन रिहर्सल की जानकारी साझा करने के साथ मुख्य मंचन के दौरान मंच संचालन में भी सहयोग करेंगी।
इस अवसर पर रामलीला निर्देशक कपिलदेव और संगीत निर्देशक राकेश टम्टा मौजूद रहे। दोनों के मार्गदर्शन में बाल कलाकारों ने रामलीला मंचन की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत की।
समिति ने सभी ग्रामवासियों का आभार जताते हुए रामलीला को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *