सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर पौड़ी में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, कंडोलिया मैदान में 150 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने लगाई एकता और नशामुक्ति की दौड़
पौड़ी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद पौड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। वहीं, कंडोलिया मैदान में ‘रन फॉर यूनिटी’ और ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ का आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक एनसीसी कैडेट्स और खेल विभाग के प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में सरदार पटेल की भूमिका सदैव अविस्मरणीय रहेगी। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कंडोलिया मैदान में आयोजित दौड़ को जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ के माध्यम से युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में कर्नल देवेंद्र सिंह नेगी, लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह चौहान, सुरेंद्र सिंह, भरत सिंह सहित युवा कल्याण एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

