एसटीपी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, पौड़ी में 4 नवंबर को होगा गंगा उत्सव
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान पौड़ी नगर पालिका क्षेत्र में भूमि के सौंदर्यीकरण, सतपुली में भूमि से संबंधित प्रकरण, थलीसैंण में नाला टैपिंग कार्य, दुगड्डा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एमआरएफ सेंटर की स्थापना तथा स्वर्गाश्रम और जोंक क्षेत्र में स्थापित एसटीपी की कार्यप्रणाली पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी 4 नवंबर को जनपद में आयोजित होने वाले **गंगा उत्सव** की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं नमामि गंगे उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के तहत गंगा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उत्सव के तहत गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा रन, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जागरूकता रैली, संगोष्ठी, कार्यशालाएं और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर जोर दिया गया। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, गंगा प्रहरियों और गंगा विचार मंच की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट, नगर पालिका परिषद पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, जिला पंचायत के कनिष्ठ अभियंता राहुल तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

