मिशन 2027 के लिए यूकेडी का चुनावी शंखनाद, 16 सीटों पर प्रत्याशी घोषित; पहली सूची से सियासी हलचल तेज
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी ने 16 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की ओर से घोषित इस सूची के जरिए दल ने चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी मजबूत करने और संगठन को सक्रिय करने का संदेश दिया है।

यूकेडी ने प्रत्याशियों के चयन के लिए ‘फाइव-लेयर सिस्टम’ अपनाने की बात कही है। पार्टी का दावा है कि उम्मीदवारों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और जनसरोकारों को प्राथमिकता दी गई है। पहली सूची जारी होने के साथ ही प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है।
पार्टी की पहली सूची में पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
इसी क्रम में राजपुर अनुसूचित जाति सीट से देवचंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डी.डी. पंत, कपकोट से वरुण चन्दोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता अनुसूचित जनजाति सीट से कैलाश सिंह पांगती और रामनगर से भुवन चंद्र को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया गया है।
वहीं, देहरादून कैंट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
पहली सूची जारी कर यूकेडी ने साफ संकेत दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रही है। अब निगाहें पार्टी की अगली सूची, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं। उत्तराखंड की मूल समस्याओं, क्षेत्रीय अस्मिता और जनसरोकारों को लेकर राजनीति करने वाले यूकेडी के लिए प्रत्याशियों की यह पहली सूची चुनावी चुनौती को अवसर में बदलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

