पौड़ी

तिमली में छात्राओं को बाल अधिकारों और सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, पॉक्सो अधिनियम और निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति किया जागरूक

पौड़ी। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तिमली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के राष्ट्रव्यापी ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आयोजित शिविर में छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनके योगदान को याद किया गया।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल यौन शोषण की रोकथाम, अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में बच्चों को बिना किसी भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए, ताकि समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने अधिकारों के संरक्षण का हक है। बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना सुरक्षित बचपन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, प्राधिकरण की जनकल्याणकारी योजनाओं और बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। किसी भी कानूनी समस्या या सहायता के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में छात्राओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी देते हुए आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य गणेश ध्यानी, अधिकार मित्र चतुर सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *