पौड़ी

श्रीनगर में मुख्यमंत्री के स्वागत को उमड़ा जनसैलाब, 9.35 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

**नौ साल बाद फिर शुरू हुई सिटी बस सेवा, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित**

श्रीनगर/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर आगमन पर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगरवासियों का अभिवादन स्वीकार किया और श्रीनगर को करीब 9.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग नौ साल बाद शहर में दोबारा शुरू हुई सिटी बस सेवा का शुभारंभ करने के साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण किया। वहीं, ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।

श्रीनगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया।

नौ साल बाद सड़कों पर दौड़ी सिटी बस

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए शहर में करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा फिर शुरू हो गई। महापौर आरती भंडारी की पहल पर जिला प्रशासन ने अनटाइड फंड से लगभग 22.48 लाख रुपये की लागत से 30 सीटर बस उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उसकी चाबी नगर निगम को सौंपी। इस दौरान उन्होंने पार्षदों से भरी बस का फ्लैग ऑफ भी किया।

यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। शुरुआत में बस प्रतिदिन कम से कम पांच चक्कर लगाएगी। सर्दियों में इसका संचालन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक और गर्मियों में सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय नागरिकों को किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

महिला समूहों को प्रोत्साहन, 51 पर्यावरण मित्रों को किट

‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहित करने के साथ स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना है।

ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलने और शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। इस पहल को स्वच्छ एवं हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सड़क, नाली और पार्कों से जुड़े कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों का सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से नगर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विद्यार्थियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों का हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *