बनास में 22 सितंबर को लगेगा आधार और दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर
पौड़ी। चाकीसैंण तहसील क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए 22 सितंबर को व्यावसायिक महाविद्यालय, बनास में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के साथ ही दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।

चाकीसैंण तहसील में सितंबर के प्रथम मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस के दौरान क्षेत्रवासियों ने आधार कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। इस पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा शिविर की तैयारियां की जा रही हैं।
तहसीलदार सुदामा सिंह रावत ने बताया कि शिविर के आयोजन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र के दिव्यांगजनों और आधार कार्ड से संबंधित कार्य कराने वाले लोगों से शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। जिलाधिकारी ने भी अधिक से अधिक क्षेत्रवासियों से 22 सितंबर को बनास स्थित व्यावसायिक महाविद्यालय में पहुंचने का आग्रह किया है।
