पौड़ी

कीर्तिखाल में विज्ञान संगोष्ठी में आयुषी प्रथम, साक्षी द्वितीय और आदित्य तृतीय

द्वारीखाल । बीआरसी कीर्तिखाल में विकासखंड/जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, नवाचार और वैज्ञानिक अभिरुचि को बढ़ावा देना रहा।

संगोष्ठी में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कुल 28 विद्यालयों के 33 विद्यार्थियों, जिनमें 18 छात्र और 15 छात्राएं शामिल रहीं, ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा 40 विद्यार्थी, 33 शिक्षक और आठ अन्य लोगों ने दर्शक के रूप में सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल के प्रधानाचार्य राकेश नेगी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा दैनिक जीवन में वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में इंटर कॉलेज कांडाखाल की छात्रा आयुषी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत की छात्रा साक्षी द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज द्वारीखाल के छात्र आदित्य तृतीय स्थान पर रहे।

निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज सिलोगी के विज्ञान शिक्षक विक्रम सिंह रावत, राजकीय इंटर कॉलेज देवीखाल भंयासू की विज्ञान शिक्षिका लक्ष्मी रावत और इंटर कॉलेज कांडाखाल (लंगूर) की भौतिक विज्ञान प्रवक्ता प्रेरणा सिलस्वाल शामिल रहीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीआरसी समन्वयक पवन कुमार, बीआरसी समन्वयक शैलजा चमोली, पूर्व बीआरसी समन्वयक मानवी कोटनाला, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बुरांसी के शिक्षक प्रीतम बिष्ट, ब्लॉक विज्ञान सहसमन्वयक रश्मि रावत तथा राजकीय इंटर कॉलेज किनसुर के ब्लॉक विज्ञान समन्वयक महेंद्र सिंह राणा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संगोष्ठी के आयोजन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अभिव्यक्ति कौशल और रचनात्मकता को बढ़ावा देने में मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *