रेडक्रॉस सोसाइटी ने शुरू किया स्वच्छता अभियान, दीपावली तक चलेगा सफाई अभियान
पौड़ी गढ़वाल। दीपावली के पर्व को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की पौड़ी जिला शाखा ने कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान शुरू किया है। 31 अक्टूबर से दीपावली तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से साफ-सफाई के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शाखा सचिव केशर सिंह असवाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना और लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के तहत नियमित रूप से सफाई की जाएगी तथा लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष डॉ. अमिता मेहरा, राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत, दीपक खनसूली सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

