पौड़ी

बोक्सा जनजाति के उत्थान को लेकर हल्दूखाता में बहुउद्देशीय शिविर, मौके पर निस्तारित हुईं जनसमस्याएं

20 लाभार्थियों को सब्जी के बीज और सात लोगों को कृषि यंत्र वितरित, शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय

कोटद्वार। जनजातीय गौरव दिवस (1 से 15 नवंबर) के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से रविवार को कोटद्वार के हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर बोक्सा जनजाति के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में उद्यान विभाग ने 20 लाभार्थियों को निःशुल्क सब्जी के बीज वितरित किए, जबकि कृषि विभाग की ओर से सात लोगों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा दो लाभार्थियों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाया गया तथा 20 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए।

शिविर में ग्रामीणों की ओर से उठाई गई अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष समस्याओं का भी एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने को कहा।

इस दौरान बोक्सा जनजाति की प्रतिनिधि प्रभा देवी और महेंद्र सिंह ने बारातघर तथा पीएम जनमन हॉस्टल के संचालन में स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को इन व्यवस्थाओं से जोड़ने पर क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण को भी मजबूती मिलेगी।

छात्रावास अधीक्षक राजेन्द्र सिंह पाल ने पीएम जनमन आवासीय छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल ने किया। इस अवसर पर तहसीलदार राजेन्द्र सनवाल, नगर निगम पार्षद जेपी बहुखण्डी एवं मनीष नैथानी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्या कंचन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *