पौड़ी

बूंखाल मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था होगी दुरुस्त

पौड़ी गढ़वाल। जनपद के प्रसिद्ध बूंखाल मेले को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बूंखाल मेला पौड़ी गढ़वाल की धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। देवी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। यह आयोजन ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को चेकपोस्ट और बैरियर का निर्माण समय पर पूरा करने तथा पैठाणी से चौरीखाल तक सड़क पर पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला स्थल के मुख्य द्वार से मंदिर तक मार्ग को चौड़ा करने और तीव्र मोड़ों को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया। श्रद्धालुओं के वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आसपास के स्थानों को चिह्नित कर पर्याप्त अस्थायी पार्किंग विकसित करने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

मेले में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, लाउडस्पीकर की व्यवस्था करने तथा यातायात संचालन की प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप लगाने और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत को मंदिर परिसर के आसपास सफाई, झाड़ियों की कटाई, शौचालय और कूड़ेदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में शौचालयों का निर्माण कर उनके संचालन की जिम्मेदारी मंदिर समिति को सौंपने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने, हाईमास्ट लाइट लगाने, पुरानी लाइटों की मरम्मत कराने, ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने तथा अग्निशमन और बायो टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में पैठाणी स्थित राहु मंदिर के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंदिर क्षेत्र में पार्किंग विकसित करने के लिए सिंचाई विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय पर व्यवस्थाएं पूरी करें। तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की एक टीम मेला स्थल का निरीक्षण करेगी। स्थानीय लोगों और संबंधित पक्षों के सुझाव लेने के लिए स्थानीय स्तर पर भी बैठक आयोजित की जाएगी।

मेला समिति के सचिव कमल रावत ने कहा कि बूंखाल मेला ग्रामीण क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। ऐसे मेले स्थानीय परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, सीओ अस्मिता ममगाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के प्रतिनिधि और व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *