दोपहर में मौसम का बदला मिजाज, ओलों के साथ तेज बारिश
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलाधार बारिश के साथ करीब 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। बारिश और ओलों के कारण कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा।

जंगलों एवं खेतों में चराई के लिए गए पालतू जानवर पेड़ों के नीचे शरण लेकर ओलावृष्टि से बचते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज ओलों से कुछ स्थानों पर फसलों को हल्का नुकसान भी पहुंचा है।

बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। साथ ही यह वर्षा सूखते जलस्रोतों के लिए लाभदायक मानी जा रही है।

क्षेत्र में बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं के बीच इस बारिश को राहत भरा माना जा रहा है। बारिश से जंगलों में लगी आग पर अस्थायी रूप से विराम लगने की संभावना जताई जा रही है।
शाम करीब चार बजे मौसम ने अचानक ऐसा रूप बदला कि पूरा इलाका घने बादलों की चादर में ढक गया। अंधेरा इतना गहरा हो गया मानो रात हो गई हो, जिससे सड़कों और घरों के आसपास लगी सौर ऊर्जा लाइटें स्वतः जल उठीं। इस अप्रत्याशित बदलाव ने लोगों को हैरान कर दिया और कुछ समय के लिए दिन में ही रात जैसा दृश्य देखने को मिला।
समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में रिमझिम बारिश जारी थी, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
