दुगड्डा ग्रोथ सेंटर में मसाला व हर्बल चाय यूनिट का निरीक्षण, सेमी-ऑटोमेशन व ऑनलाइन बिक्री के निर्देश
पीरुल यूनिट स्थापना की तैयारी, उत्पादन बढ़ाने व एमओयू प्रक्रिया तेज करने पर जोर
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखण्ड दुगड्डा के उमथागांव स्थित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित फल एवं मसाला आधारित प्रसंस्करण ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मसाला यूनिट एवं हर्बल चाय यूनिट की उत्पादन और विपणन व्यवस्था का जायजा लिया तथा महिला समूहों से संवाद कर उनकी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि मसाला यूनिट में अधिकांश कार्य मैन्युअल रूप से किया जा रहा है। उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए यूनिट को सेमी-ऑटोमेटिक बनाने पर जोर देते हुए आवश्यक मशीनों के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी को समूह के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री अमेजॉन जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे बाजार विस्तार और आय में वृद्धि हो सके।
इसके उपरांत उन्होंने हर्बल चाय यूनिट का निरीक्षण कर स्टॉक, क्रय-विक्रय पंजिकाओं का अवलोकन किया और उत्पादन व व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान महिला समूहों ने पीरुल यूनिट स्थापना की इच्छा जताई, जिस पर जिलाधिकारी ने भूमि चयन, मशीन क्रय एवं अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग के साथ एमओयू प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण करने तथा ब्रिकेट निर्माण हेतु यूनिट स्थापित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा बेलिंग यूनिट स्थापित करना संभव न हो, तो इस संबंध में जिला कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महिला समूहों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने भी प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए उत्साह व्यक्त किया।
इस मौके पर प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र सनवाल, बीडीओ विद्यादत्त रतूड़ी, महिला समूहों की सदस्याएं एवं अन्य अधिकारी उपस्थित
