पौड़ी

चारधाम मार्ग पर खाद्य सुरक्षा कड़ी, डीएम के निर्देश पर व्यापारियों संग बैठक

पौड़ी। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्गों पर संचालित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखना अनिवार्य होगा। सभी प्रतिष्ठानों को एफएसएसएआई का टोल फ्री नंबर और खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी प्रतिष्ठानों में स्टोर और फूड प्रोसेसिंग एरिया की साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल तथा कूलिंग-फ्रीजिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खाद्य पदार्थ सुरक्षित और तय अवधि के भीतर उपयोग किए जा सकें।

खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं, जो यात्रा मार्गों पर आकस्मिक निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही मोबाइल लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच भी की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे, जिनका जवाब संबंधित व्यापारियों को तय समय सीमा के भीतर देना होगा। मानकों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *