पौड़ी

स्व-गणना से बढ़ेगी जनगणना-2027 की रफ्तार, डीएम ने दिए तेजी के निर्देश

se.census.gov.in पोर्टल पर नागरिक स्वयं कर सकते हैं स्व-गणना

पौड़ी। जनगणना-2027 को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्व-गणना अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जो योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनती है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में उपजिलाधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट ली गई। जिन क्षेत्रों में कार्य धीमा पाया गया, वहां विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं स्व-गणना कर सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे समय की बचत होती है और डेटा सीधे डिजिटल रूप में दर्ज होने से त्रुटियों की संभावना भी कम हो जाती है।

उन्होंने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को नियमित प्रशिक्षण देने, उनकी समस्याओं का समाधान करने और कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां सीमांकन कार्य पूरा हो चुका है, वहां आवंटन प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि 25 अप्रैल से 24 मई तक सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य का गहन पर्यवेक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं और डेटा में दोहराव न हो। पेपर शेड्यूल से एकत्रित आंकड़ों को भी समय पर पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना-2027 अभियान को सफल बनाया जा सके।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी एवं ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी द्वारा भी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *