पौड़ी

जयहरीखाल पीएचसी में लापरवाही उजागर, डीएम के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी नदारद

पौड़ी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जयहरीखाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें व्यवस्थाओं की खामियां उजागर होने पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताई।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच करने और दोषी कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने औषधि कक्ष, पैथोलॉजी लैब और ओपीडी का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले।

लेबर कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आरसीएच पोर्टल में पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक लाने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए।

उपस्थिति पंजिका की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी कार्मिक अनुपस्थित नहीं रहेगा और सभी को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अनुपस्थित मेडिकल ऑफिसर को तत्काल पौड़ी मुख्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *