पौड़ी

लैंसडाउन में बनेगा एडवेंचर पार्क, डीएम ने पालकोट भूमि का किया निरीक्षण

पौड़ी। जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लैंसडाउन क्षेत्र के पालकोट में प्रस्तावित एडवेंचर पार्क की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की संभावनाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित इको एडवेंचर पार्क को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पर्यटकों के लिए कई रोमांचक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इनमें कैनोपी ब्रिज, प्लैंक ब्रिज, जिप लाइन, नेट टनल, कैट वॉक, बर्मा लूप, लॉग-टू-लॉग ब्रिज, स्काई साइकिल, नेट बकेट और टायर क्रॉसिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज शामिल की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नेट लगाने, शीघ्र 3-डी लेआउट तैयार करने और परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि एडवेंचर पार्क के विकसित होने से लैंसडाउन क्षेत्र को पर्यटन की नई पहचान मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही उन्होंने पार्क में स्वच्छता, पेयजल, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसे बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लैंसडाउन में इस परियोजना से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे जनपद की पर्यटन छवि और अधिक मजबूत होगी। होटल एसोसिएशन के सदस्यों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के पर्यटन व्यवसाय के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता मुकेश दत्त सहित अन्य अधिकारी एवं होटल एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *