पौड़ीशिक्षा

शताब्दी समारोह की तिथि पर असंतोष, फिर भी ऐतिहासिक पल के लिए तैयार जीआईसी सिलोगी

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज सिलोगी अपने स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन करने जा रहा है। यह विद्यालय वर्ष 1926 में एक साधारण छप्पर से शुरू हुआ था और आज एक सदी की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका है।

सौ वर्षों की इस यात्रा में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए देश और प्रदेश को कई विशिष्ट व्यक्तित्व दिए हैं। इनमें डॉ शिवप्रसाद डबराल ‘चारण’ जैसे विद्वान भी शामिल हैं, जिन्हें उत्तराखंड का “विकिपीडिया” कहा जाता है।

पुराने समय में यह विद्यालय अपनी समृद्ध गतिविधियों के लिए भी जाना जाता था। यहां दो छात्रावास संचालित होते थे, साथ ही सेब का बगीचा और आलू-अरबी की खेती भी की जाती थी। इन उत्पादों को बाजार में बेचा जाता था, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान भी मिलता था। उस समय विद्यालय में छात्र संख्या भी काफी अच्छी रहती थी।

शताब्दी वर्ष समारोह को लेकर पूर्व छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, लेकिन आयोजन की तिथि को लेकर कुछ असंतोष भी सामने आया है। अप्रैल माह में शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण कई पूर्व छात्र इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनका मानना है कि यदि यह आयोजन जून माह में होता, तो अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकते थे।

इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन और आयोजक इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य रूप से मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *