राज्य स्थापना दिवस पर पौड़ी में होंगी बैडमिंटन, वालीबॉल और बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं
एक से तीन नवंबर तक होगा आयोजन, सुबह 10 बजे से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पौड़ी जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से एक से तीन नवंबर तक बॉक्सिंग, बैडमिंटन और वालीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक नवंबर को कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें एक जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2012 के बीच जन्मे खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे।
वहीं, दो नवंबर को कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। इसमें अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की एकल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
इसी क्रम में तीन नवंबर को श्रीकोट गंगानाली में अंडर-17 बालक वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से शुरू होंगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल किट में आना अनिवार्य है। उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित आयोजन स्थलों में पहुंचकर प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की।

