पौड़ी

उक्रांद की संवाद यात्रा से गरमाया यमकेश्वर, युवाओं ने दिखाया दम

दुगड्डा/पौड़ी गढ़वाल। रविवार के दिन गढ़वाल संवाद यात्रा के दुगड्डा पहुंचने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय जनता एवं उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए इसे जनसमर्थन का प्रतीक बताया।

यात्रा के दौरान युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी, केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत, वरिष्ठ नेता आशुतोष नेगी तथा केंद्रीय संगठन मंत्री रोहित डंडरियाल सहित अन्य नेताओं का पारंपरिक ढंग से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नेताओं ने दुगड्डा और कोटद्वार क्षेत्र में जनसंपर्क भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।

नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इसे नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल संवाद यात्रा का उद्देश्य केवल जनसंपर्क नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यमकेश्वर की युवा शक्ति अब परिवर्तन के लिए तैयार है। यह यात्रा जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है, जो व्यवस्था परिवर्तन और अधिकारों की लड़ाई का संकेत दे रही है। उन्होंने संकल्प लिया कि हर गांव और हर घर तक पहुंचकर जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा तथा अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा जाएगा।

यात्रा के दौरान मूल निवास 1950, स्थायी राजधानी गैरसैंण, पलायन और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर भी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

आशीष नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि अब पहाड़ का युवा अपनी भाषा, टोपी और पारंपरिक पहनावे की ओर लौट रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पहाड़ी समाज किसी भी प्रकार के दमन को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि गढ़वाल की वीरांगना रानी कर्णावती ने आक्रमणकारियों का मुंहतोड़ जवाब दिया था, और आज भी वही जज्बा जीवित है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग अपनी चुप्पी तोड़ें और अपने हकों के लिए आगे आएं। दुगड्डा में गढ़वाल संवाद यात्रा का यह पड़ाव क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता और बदलाव की नई उम्मीद जगाने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *