पौड़ी में 8 नए मतदेय स्थल बनेंगे, संख्या बढ़कर 1016 होगी
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने 22 प्रस्तावों पर जताई सहमति, मतदाताओं की सुविधा के लिए होगा युक्तिकरण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों के युक्तिकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में गुरुवार को राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तुत 22 प्रस्तावों पर सहमति बनी। प्रस्तावों के अनुमोदन के बाद जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 1008 से बढ़कर 1016 हो जाएगी।

बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के भौतिक सत्यापन और विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावों में मतदाताओं की दूरी संबंधी असुविधा को दूर करने के लिए आठ नए मतदेय स्थल बनाने, एक मतदेय स्थल का स्थानांतरण करने, तीन मतदेय स्थलों के भवन अथवा क्षेत्र के नाम में संशोधन करने तथा अन्य कारणों से 10 मतदेय स्थलों में परिवर्तन करने के प्रस्ताव शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रस्तावित मतदेय स्थलों के भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों का चयन इस तरह किया जाए कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही प्रत्येक मतदेय स्थल पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने और मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्तावित मतदेय स्थल
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 181, पौड़ी में 169, श्रीनगर में 200, चौबट्टाखाल में 162, लैंसडौन में 151 और कोटद्वार में 153 मतदेय स्थल होंगे। इस तरह अनुमोदन के बाद जनपद में कुल 1016 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.आर. चौहान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह सहित भाजपा से कमल किशोर रावत, क्रांति किशोर, संतोष चंदोला और राजेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस से भरत सिंह रावत, विनोद नेगी और धीरज सिंह रावत, बसपा से सुबोध कुमार तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से आयुष कुमार उपस्थित रहे। संबंधित उप जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

