13 अप्रैल को रिलीज होगा “बिखोती कु म्याळा – मण्डलू बाजार”, लोकसंस्कृति को समर्पित खास गीत
*राकेश टम्टा की आवाज और गीतकार अनिल जखमोला के बोलों से सजेगा पहाड़ी रंग*
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। गढ़वाली लोकसंस्कृति पर आधारित गीत “बिखोती कु म्याळा – मण्डलू बाजार” सोमवार 13 अप्रैल सुबह 8 बजे “गोलू गढ़वाली” यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगा। गायक राकेश टम्टा की आवाज और गीतकार अनिल जखमोला के भावपूर्ण बोल इस गीत को खास बनाएंगे।

जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक की पट्टी ढांगू में स्थित माण्डलू, हेंवल नदी के किनारे बसा एक सुंदर और ऐतिहासिक स्थल है। यहां से कुछ दूरी पर गुरुराम राय ट्रस्ट के ब्रह्मलीन महंत इंदिरेश चरणदास जी का पैतृक गांव खमाणा स्थित है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, माण्डलू क्षेत्र में पहले बड़े पैमाने पर मेले (म्याळा) लगते थे, लेकिन पलायन के कारण अब इनकी संख्या और रौनक में कमी आई है। ऐसे में यह गीत न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि क्षेत्र की परंपराओं और इतिहास को भी जीवंत करने का कार्य करेगा।
गायक राकेश टम्टा अपने गीतों के माध्यम से पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले वे “नागदेव गढ़ी”, “भैरों गढ़ी” और “नर्मदेश्वर महादेव बमोली” जैसे चर्चित गीत प्रस्तुत कर चुके हैं।
इन गीतों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने पारंपरिक मेला-कौथिगों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी मिल रही है, जिससे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
