डीएवी कॉलेज समारोह में गायक मासूम शर्मा ने मंच से बकी गालियां, वीडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद
देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के छात्रसंघ समारोह कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे गायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गाते-गाते अचानक आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राएं और अन्य दर्शक असहज हो गए। कुछ लोगों ने इसे शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप नहीं बताया और नाराजगी भी जताई।
इस मामले को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठनों ने गायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस प्रकार का आचरण किसी भी सार्वजनिक मंच, विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों में स्वीकार्य नहीं है।
बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा पर पहले भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि शैक्षणिक संस्थान समाज को दिशा देने वाले केंद्र होते हैं, ऐसे में यहां होने वाले कार्यक्रमों में मर्यादा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
