पौड़ी

केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में एंटी ड्रग यूनिट का गठन, नशा उन्मूलन के लिए चलेगा जागरूकता अभियान

पौड़ी गढ़वाल। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार केंद्रीय विद्यालय, पौड़ी में एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। यह पहल प्राधिकरण की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाजिश कलीम के नेतृत्व में की गई।

कार्यक्रम के दौरान सचिव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को एंटी ड्रग यूनिट के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस यूनिट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने कहा कि यह यूनिट विद्यालय स्तर पर एक सक्रिय जागरूकता एवं निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी, जिसमें छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यूनिट के माध्यम से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, गोष्ठियां, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

सचिव ने बताया कि एंटी ड्रग यूनिट विद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने में सहयोग करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता, एंटी ड्रग यूनिट के सदस्य शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *