साइकिल से विद्यालयों का अनुश्रवण करने निकले डायट प्राचार्य, पेश की सादगी और सक्रियता की मिसाल
रुड़की। नवीन शैक्षिक सत्र के आरंभ के साथ ही डायट रुड़की के प्राचार्य मैराज अहमद ने एक सराहनीय पहल करते हुए साइकिल से नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का अनुश्रवण किया। उनकी यह पहल शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे सादगीपूर्ण एवं सक्रिय नेतृत्व का उदाहरण माना जा रहा है।

प्राचार्य ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-18, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज रुड़की का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने डायट परिसर का भी साइकिल से ही भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने नए सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्राचार्य ने कहा कि बेहतर शिक्षण पद्धति अपनाकर विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
साइकिल से किया गया यह अनुश्रवण न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि अधिकारियों की जमीनी स्तर पर सक्रियता को भी दर्शाता है। स्थानीय शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि इस प्रकार की पहल से विद्यालयों में सकारात्मक माहौल बनेगा और शिक्षण व्यवस्था में और अधिक सुधार आएगा।
