पौड़ी

बालिका जन्मोत्सव के माध्यम से बेटियों के सम्मान का संदेश

पौड़ी गढ़वाल। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना खिर्सू द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र श्रीकोट-04 में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पार्षद गुड्डी देवी ने बालिका के साथ केक काटकर जन्मोत्सव मनाया तथा उपस्थित लाभार्थियों को उपहार वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके संरक्षण, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी रीना बिंदोला ने बालिकाओं के समुचित पोषण, स्वास्थ्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सुपरवाइजर उर्मिला बधाणी ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, लाभार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *