मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाही पर कार्यदायी संस्थाएं बदलने के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल। जनहित से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी एवं समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में विधानसभावार मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बुधवार को आयोजित बैठक में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल तथा यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में पूर्ण एवं प्रगति पर चल रही घोषणाओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने धन आवंटन की तिथि, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति तथा कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही शासन को प्रेषित घोषणाओं की डीपीआर भेजे जाने की तिथि एवं वर्तमान स्थिति पर भी स्पष्ट जानकारी प्राप्त की गई।
विभागीय स्तर पर लंबित घोषणाओं पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक लंबित कार्य के लिए ठोस कारण प्रस्तुत किए जाएं तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपेक्षित प्रगति न दिखाने वाली कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से बदला जाएगा। सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लंबित कार्यों के निस्तारण के लिए विभागवार समयसीमा तय करने, नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों के लिए उपजिलाधिकारियों एवं नगर निकायों के साथ संयुक्त निरीक्षण पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया गया। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों एवं उनके प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही घोषणाओं की प्रगति, जमीनी समस्याओं एवं बाधाओं को विस्तार से रखा। जिलाधिकारी ने प्राप्त सुझावों के आधार पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंच सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, निर्माण खंड रीना नेगी, जल निगम नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
