पौड़ी में एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, 40 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार मंगलवार को पूर्ति विभाग की टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत कुल 40 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 6 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप एवं 31 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। गठित टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 1 व्यावसायिक प्रतिष्ठान की जांच की गई। दुगड्डा में 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण हुआ, जबकि कोट-खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम एवं 5 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। पाबौ में 13 और नौगांवखाल में 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में लक्ष्मणझूला एवं उफरैंखाल में 1-1 गैस गोदाम, थलीसैंण में 1 गैस गोदाम एवं 1 पेट्रोल पंप तथा चाकीसैंण में 1 पेट्रोल पंप की जांच की गई। श्रीनगर क्षेत्र में भी 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप एवं 1 व्यावसायिक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
