झबरेड़ी कलां विद्यालय में वार्षिक परीक्षाफल घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
रुड़की (हरिद्वार)। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, झबरेड़ी कलां (नारसन) में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
घोषित परीक्षाफल के अनुसार विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया। विशेष रूप से कक्षा 6, 7 एवं 8 के मेधावी छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में सराहा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में सीआरसी लाठरदेवा हूण की समन्वयक नेहा परवीन, नीलम देवी, तरुण कुमार, गिजाला परवीन, मंजू चौहान सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों, भोजन माताओं एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ठाठ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “वार्षिक परीक्षाफल केवल अंकों का आकलन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास का प्रतिबिंब है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक छात्र शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन में भी उत्कृष्ट बने। अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण से ही यह संभव हो पाया है।”
कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी छात्रों को आगामी सत्र में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

