पौड़ी

जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया का जिला कोषागार पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर डबल लॉक कक्ष की व्यवस्थाओं का गहन जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टांप, पैडलॉक (ताले), बहुमूल्य पंजिका तथा अधिवक्ताओं को निर्गत किए जाने वाले स्टांप सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण किया। साथ ही कोषागार में चल रहे मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं स्टांप की गणना कर अभिलेखों से मिलान किया और बहुमूल्य पंजिका का बारीकी से अवलोकन किया। जांच में सभी अभिलेख एवं भौतिक स्टॉक नियमानुसार एवं सुव्यवस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कोषागार के पेंशन, अभिलेखागार समेत विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए मुख्य कोषाधिकारी को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया को त्वरित और सुगम बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कोषागार परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कर्मचारियों एवं आगंतुकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

गौरतलब है कि सितंबर माह में किए गए पूर्व निरीक्षण में कोषागार भवन की स्थिति जर्जर पाई गई थी। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा भवन की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। मंगलवार को पुनः निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि से किए जा रहे मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, कोषाधिकारी कमल किशोर उप्रेती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *