ऋषिकेश-नीलकंठ गैण्डखाल मोटरमार्ग बदहाल, बरसात से पहले लीपापोती पर उठे सवाल
ऋषिकेश। ऋषिकेश-नीलकंठ गैण्डखाल मोटरमार्ग की स्थिति वर्षों से खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण आम लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग, जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

मंगलवार को इस मार्ग पर टल्ला रखकर अस्थायी मरम्मत कार्य शुरू किया गया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह कार्य केवल लीपापोती है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, हर साल बरसात के दौरान सड़क की हालत और खराब हो जाती है। जगह-जगह कीचड़, मलबा और पानी भरने से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। ऐसे में बरसात से पहले की जा रही यह अस्थायी मरम्मत आने वाले समय में बेअसर साबित हो सकती है।
लोगों को इस वर्ष यह उम्मीद थी कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार और जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण मोटरमार्ग के व्यापक सुधार के लिए ठोस कदम उठाएंगे। लेकिन वर्तमान स्थिति में केवल टल्ला डालकर औपचारिक मरम्मत की जा रही है, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि समस्या के स्थायी समाधान के बजाय केवल अस्थायी तरीके से काम निपटाया जा रहा है।
स्थानीय जनता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
