पौड़ी के राजकीय इंटर कॉलेज में एंटी ड्रग यूनिट का गठन, छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर में एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में नशा उन्मूलन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सिविल जज/सचिव नाजिश कलीम ने एंटी ड्रग यूनिट के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूनिट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में जागरूकता फैलाना है। यह यूनिट विद्यालय स्तर पर एक सक्रिय जागरूकता एवं निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी, जिसमें छात्र-छात्राएं और शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि यूनिट के माध्यम से समय-समय पर जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने नशे को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि यह युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है। नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी हानिकारक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नालसा की थीम “एक मुट्ठी आसमान” और “तुम गिरना मत” पर आधारित शॉर्ट वीडियो एवं ड्रग अवेयरनेस से जुड़े वीडियो भी दिखाए गए।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, प्रधानाचार्य वेद प्रकाश डोभाल, शिक्षक रामेश्वर प्रसाद डोबरियाल सहित छात्र अभिषेक नेगी, अरुण और विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)
