सतपुली आंगनबाड़ी केंद्र में ‘बालिका जन्मोत्सव’ धूमधाम से आयोजित, बेटियों के सम्मान का दिया संदेश
सतपुली/पौड़ी। विकासखंड द्वारीखाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र सतपुली में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश देना रहा।

इस अवसर पर तीन नवजात बालिकाओं—मनस्वी, रामिया एवं वामिका—का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया। साथ ही लाभार्थियों को बेबी किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक बन गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलबी मनीष खुगशाल ने महिला अपराध, बाल संरक्षण एवं कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने और समाज में बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा, सुपरवाइजर गीता सैलानी, नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, अधिशासी अधिकारी पूनम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री विजयलक्ष्मी, संगीता, मालती एवं अन्य लाभार्थी एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)
