उत्तराखंड

राष्ट्र निर्माण में विद्यालय, शिक्षक व विद्यार्थी की अहम भूमिका – कुसुम कंडवाल

ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शिरकत की।

अपने संबोधन में कुसुम कंडवाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव विद्यालयों में ही रखी जाती है। शिक्षक, विद्यार्थी और शैक्षणिक संस्थान मिलकर ही एक सशक्त और विकसित राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

उन्होंने चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल के निदेशक प्रमोद शर्मा की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से समाज के वंचित एवं मलिन बस्तियों के बच्चों को शिक्षा के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित शहर के प्रमुख जनसेवी कपिल गुप्ता, अक्षत गोयल, राजीव थपलियाल, राजेश शर्मा एवं भजन सम्राट संजय भटनागर ने भी विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रत्येक वर्ष शत-प्रतिशत परीक्षाफल इस बात का प्रमाण है कि यहां शिक्षा का स्तर उच्च है और सभी का आपसी सामंजस्य उत्कृष्ट है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों के साथ-साथ आदर्श छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छात्रों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने भी हर्ष व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकगण मौजूद रहे और उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शिक्षण स्तर की सराहना की।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *