नीलकंठ मोटरमार्ग पर लापरवाही: रत्तापानी के पास सड़क किनारे रखे सीमेंट पाइप बन सकते हैं हादसे का कारण
यमकेश्वर/पौड़ी। ऋषिकेश-नीलकंठ मोटरमार्ग पर रत्तापानी के निकट घट्टूगाड की ओर सड़क किनारे लापरवाही से रखे गए सीमेंट पाइप दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सड़क के ऊपर की ओर तीन बड़े सीमेंट पाइप सड़क की दिशा में लम्बवत रखे गए हैं, जिससे मार्ग संकरा हो गया है।

उक्त स्थान पर सड़क पर तीखा मोड़ है, घट्टूगाड की ओर से आने वाले वाहन मोड़ काटते समय सामान्य से अधिक जगह ले रहे हैं, जिससे सामने से ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन पाइपों को सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से रखा जाए, ताकि सड़क पर आवागमन सुचारु रह सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।
फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
