थलीसैंण से देशसेवा” पहल शुरू, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगा स्थानीय मार्गदर्शन
“पौड़ी/थलीसैंण। उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी द्वारा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए “थलीसैंण से देशसेवा” नामक एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने स्वयं 3 घंटे की इतिहास विषय की क्रैश कोर्स कक्षा संचालित की, जिसमें 18 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि इस मुहिम के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को क्रैश कोर्स एवं मैराथन कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों के ज्ञान एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का निरंतर विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाना है, ताकि उन्हें उच्च गुणवत्ता की तैयारी के लिए देहरादून या अन्य शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
ग्राम प्रधानों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह प्रयास शिक्षा में “रिवर्स पलायन” की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल है, जो युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उप प्राचार्य दुदुन मेहता, अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत का विशेष सहयोग रहा।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
