पौड़ी

राज्यपाल का पौड़ी दौरा: जिला अस्पताल का निरीक्षण, पुस्तकालय का लोकार्पण और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने विभिन्न जनहित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण, जिला पुस्तकालय का लोकार्पण तथा रांसी स्टेडियम में खिलाड़ियों से संवाद किया।

जिला अस्पताल का निरीक्षण

शनिवार को राज्यपाल सर्वप्रथम जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं एवं आधारभूत ढांचे का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर दवाइयों की उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता और डॉक्टरों के व्यवहार की जानकारी ली।

राज्यपाल ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीयू, डिजिटल एक्स-रे कक्ष एवं सीटी स्कैन यूनिट का अवलोकन किया और अस्पताल को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक उपकरणों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आईसीयू को और आधुनिक बनाने पर भी बल दिया।

 

जिला पुस्तकालय का लोकार्पण

इसके उपरांत राज्यपाल ने जिला पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उनका स्वागत किया और पुस्तकालय की आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी।

पुस्तकालय में आधुनिक फर्नीचर, वाई-फाई जोन, बुक स्टोरेज, पेयजल व्यवस्था एवं पहाड़ी शैली की संरचना विकसित की गई है। राज्यपाल ने इसे विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उन्हें सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “सपने खुली आंखों से देखिए और बड़े लक्ष्य निर्धारित कीजिए।”

राज्यपाल ने पुस्तकालय के लिए एक कंप्यूटर, दो टैबलेट, 108 पुस्तकें और एक कॉफी मशीन भेंट करने की घोषणा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *