कोटद्वार में रैम्प एवं स्टार्ट-अप कार्यशाला आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
कोटद्वार। जनपद में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में रैम्प एवं स्टार्ट-अप कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग द्वारा किया गया। उन्होंने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार अपनाने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग निदेशालय, देहरादून से रोहित श्रीवास्तव ने वर्चुअल माध्यम से रैम्प एवं स्टार्ट-अप योजनाओं की जानकारी दी। वहीं संदीप अग्रवाल ने एमएसएमई योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
Indian Institute of Management Kashipur के प्रशांत कुकरेती ने स्टार्ट-अप शुरू करने की प्रक्रिया, आवश्यकताओं और संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही औद्योगिक निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए उद्यम स्थापना की चुनौतियों और समाधान पर चर्चा की।
कार्यशाला में आयुष राज्य मंत्री जयदीप बिष्ट, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, उत्तराखंड महिला मोर्चा की अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आर.पी. आर्य, उपासना सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
