पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त: जनपद में 53 प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निगरानी तंत्र को और मजबूत कर दिया है। स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कुल 53 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 16 गैस गोदाम, 2 पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर और 35 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। निरीक्षण के तहत धुमाकोट-नैनीडांडा, चाकीसैंण, चेलूसैंण, सतपुली, लैंसडाउन, लक्ष्मणझूला और थलीसैंण क्षेत्रों में एक-एक गैस गोदाम का निरीक्षण किया गया। वहीं पौड़ी और उफरैंखाल/रिखणीखाल क्षेत्रों में दो-दो गैस गोदामों की जांच की गई।

कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर और 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण हुआ, जबकि दुगड्डा में 1 गैस गोदाम और 6 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसके अलावा कोट-खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम और 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा नौगांवखा-पोखड़ा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम, 1 पेटी डीजल डीलर और 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली और निर्धारित मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मात्रा में गैस की आपूर्ति हो रही है या नहीं।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *