पौड़ी

कोटद्वार में एसडीएम संदीप कुमार का औचक निरीक्षण, पेट्रोल पंप और सस्ता गल्ला दुकान की जांच

कोटद्वार। जनपद में व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए उप जिलाधिकारी संदीप कुमार ने पूर्ति विभाग की टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देवी रोड स्थित केदार फिलिंग स्टेशन और शिवपुरी नगर में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान का निरीक्षण किया गया।

शुक्रवार को किए गए निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप में अग्निशमन यंत्र की वैधता, पेट्रोल-डीजल की मात्रा और गुणवत्ता की जांच की गई, जो मानकों के अनुरूप पाई गई। उप जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालक को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए और न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

इसके बाद एसडीएम ने शिवपुरी नगर स्थित सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान का निरीक्षण कर शिकायत पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने पूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि सभी सस्ता गल्ला दुकानों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक संजना, दुकान स्वामी महत्त्व सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *