पौड़ी में ‘प्रेरणा कोचिंग’ में डीएम का संवाद, विद्यार्थियों को दी सफलता की रणनीति
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीजीआर कैंपस में जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क ‘प्रेरणा कोचिंग’ के अंतर्गत आयोजित ‘इंटरैक्ट विद स्टूडेंट’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कोचिंग केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रम में परिसर निदेशक उमेश चंद्र गैरोला ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। संवाद सत्र के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, विषयवार शिक्षण व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कक्षाओं की नियमितता, शिक्षकों के सहयोग, मासिक टेस्ट प्रणाली और मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी फीडबैक प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित और नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परीक्षा रणनीति पर जोर देते हुए कहा कि समयबद्ध तरीके से प्रश्नपत्र हल करना सफलता की कुंजी है। साथ ही ऑब्जेक्टिव और सब्जेक्टिव परीक्षाओं के लिए अलग-अलग रणनीति अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन बनाए रखने पर बल देते हुए संतुलित दिनचर्या, पर्याप्त विश्राम और तनावमुक्त अध्ययन को भी आवश्यक बताया। संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और सुझाव भी दिए, जिन पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक संज्ञान लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख शिक्षा देने के निर्देश दिए तथा पाठ्यक्रम में करेंट अफेयर्स आधारित मॉड्यूल शामिल करने की बात कही, ताकि विद्यार्थियों की समसामयिक समझ मजबूत हो सके।
उन्होंने बताया कि यह निःशुल्क कोचिंग पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। यह पहल लगभग तीन माह पूर्व जिला प्रशासन द्वारा जिला खनन न्यास निधि के माध्यम से प्रारंभ की गई थी।
कार्यक्रम में तहसीलदार दीवान सिंह राणा, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला खान अधिकारी अंकित मुयाल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
