पौड़ी

पौड़ी में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, 32 प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में पूर्ति विभाग की टीमों द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कुल 32 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठान, 11 गैस गोदाम और 01 पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान श्रीनगर, कोट-खोलाचौरी, लक्ष्मणझूला, नौगांवखाल-पोखड़ा, पौड़ी, थलीसैंण तथा उफरैंखाल-रिखणीखाल क्षेत्रों में एक-एक गैस गोदाम की जांच की गई। वहीं कोटद्वार क्षेत्र में दो गैस गोदाम, दुगड्डा में एक गैस गोदाम और चार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा चाकीसैंण क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर और 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा लैंसडाउन क्षेत्र में एक गैस गोदाम एवं छह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने स्टॉक रजिस्टर, गैस वितरण व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन जांच की। कई स्थानों पर अभिलेखों का मिलान कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन भी किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *