पौड़ी

कोटद्वार में पहली बार हिमालयन इंडस्ट्री एंड बिजनेस एक्सपो, 27 से 29 मार्च तक भव्य आयोजन

कोटद्वार/पौड़ी। कोटद्वार शहर में पहली बार हिमालयन इंडस्ट्री एंड बिजनेस एक्सपो का आयोजन 27 से 29 मार्च तक महाराजा गार्डन, तीलू रौतेली चौक के निकट किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा किया जा रहा है।

महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि एक्सपो में आयुर्वेद, ऑर्गेनिक उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, वेलनेस, कृषि एवं बागवानी, ड्रोन/यूएवी, हस्तशिल्प, स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन, फार्मा और पैकेजिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद, नारियल विकास बोर्ड, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन परियोजना, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद तथा तमिलनाडु उद्यानिकी विभाग सहित कई प्रमुख संस्थान प्रतिभाग करेंगे।

तीन दिवसीय इस एक्सपो में मेगा प्रदर्शनी, निर्यात कार्यशाला, सम्मेलन, सेमिनार, उत्कृष्टता पुरस्कार, खरीदार-विक्रेता बैठकें और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तीनों दिन विभिन्न विषयों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। महाप्रबंधक ने नए व्यापार शुरू करने वाले युवाओं, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *