पौड़ी

डीएम का कड़ा रुख: कूड़ा मुक्त होगा पौड़ी, लिगेसी वेस्ट वाली जगहों पर खिलेंगे फूल

*कोटद्वार और मांडाखाल में श्वान शेल्टर निर्माण की प्रक्रिया तेज, अतिक्रमण पर पुलिस-राजस्व विभाग की होगी संयुक्त कार्रवाई*

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल को कचरा मुक्त और सुंदर बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले को लिगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े के ढेर) से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा और उन स्थानों का कायाकल्प कर वहां पुष्प वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।

ठोस एवं लिक्विड वेस्ट प्रबंधन पर जोर

बैठक में निकायों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन निकायों के पास सेप्टिक लिक्विड वेस्ट के लिए सक्शन मशीनें नहीं हैं, वे तुरंत खरीद प्रक्रिया पूरी करें।

नगर निगम श्रीनगर व थलीसैण: जल्द ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुरू करेंगे।

दुगड्डा: डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।

सतपुली व पौड़ी: भूमि चयन और राजस्व विभाग की औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं।

सीसीटीवी से होगी कूड़ा फेंकने वालों की निगरानी

सड़क और नदियों के किनारे कूड़ा फेंकने वालों पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी और प्रभावी चालानी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि जिला पंचायत के सफाई कर्मियों की सक्रियता और कूड़ा उठान के रोस्टर का साप्ताहिक सत्यापन किया जाए।

पशु संरक्षण और अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

श्वान शेल्टर: कोटद्वार और मांडाखाल में श्वान पशुओं के लिए शेल्टर बनाने के काम में तेजी लाने को कहा गया है।

गौवंश संरक्षण: वर्तमान में 20 गौसदनों में 2300 गौवंश की देखभाल हो रही है। ‘ग्राम्य गौ सेवक योजना’ के प्रचार-प्रसार से गौसदनों पर दबाव कम करने की रणनीति बनाई गई है।

अतिक्रमण: जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अतिक्रमण विरोधी अभियान केवल रेड़ी-ठेली तक सीमित न रहे, बल्कि पुलिस और राजस्व विभाग के साथ मिलकर बड़े अतिक्रमणों को भी हटाया जाए।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर वार

स्वच्छता व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए थोक विक्रेताओं और एजेंसियों के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति को स्रोत पर ही रोका जा सके।

बैठक में उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त कोटद्वार पीएल शाह, नगर आयुक्त श्रीनगर नूपुर वर्मा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, एसडीओ वन विभाग लक्की शाह और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *