एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, 66 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
पौड़ी। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान पूरे जनपद में 66 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें 11 गैस गोदाम, एक पेट्रोल पंप और 54 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। कोटद्वार, दुगड्डा, कोट-खोलाचौरी, पाबौ, सतपुली, लक्ष्मणझूला, नौगांवखाल, थलीसैंण, उफरैंखाल, रिखणीखाल और धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्धारित मानकों के अनुरूप गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न प्रतिष्ठानों की गतिविधियों को परखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि खाद्य निरीक्षकों की टीमों द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
