परमार्थ निकेतन में 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में राज्यपाल की सहभागिता
योग विश्व में शांति, स्वास्थ्य और संतुलन का मार्ग : राज्यपाल
पौड़ी/ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयोजित 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव–2026 में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), उत्तराखंड के राज्यपाल ने शनिवार को प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पावन गंगा नदी तट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भी भाग लिया।

हर वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विश्व के 80 से अधिक देशों से लगभग 1500 योग साधक, विभिन्न देशों के राजदूत, योगाचार्य, आध्यात्मिक साधक तथा युवा विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राज्यपाल का स्वागत किया।
योग प्रेमियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मां गंगा के पावन तट और हिमालय की गोद में आयोजित यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता को जोड़ने वाली आध्यात्मिक चेतना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब विश्व के विभिन्न देशों से आए हजारों साधक एक स्थान पर योग और साधना के माध्यम से एकत्रित होते हैं, तो यह ब्रह्मांडीय ऊर्जा और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन जाता है।
राज्यपाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि आत्मिक जागरण और आंतरिक परिवर्तन की प्रक्रिया है। योग का वास्तविक उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में बांधकर मनुष्य को प्रकृति और परमात्मा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है और उसके भीतर रचनात्मकता, ऊर्जा तथा सकारात्मकता का विकास होता है।
उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे योग के शांतिपूर्ण और सकारात्मक संदेश को पूरे विश्व में फैलाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड सदैव “अतिथि देवो भवः” की परंपरा के साथ विश्व का स्वागत करता आया है और यहां आने वाला प्रत्येक अतिथि हमारे लिए परिवार का सदस्य है।
इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग भारत द्वारा विश्व को दिया गया एक अमूल्य उपहार है, जो मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य की ओर अग्रसर करता है। योग व्यक्ति के व्यक्तित्व को शालीन, दयावान और विवेकशील बनाते हुए जीवन को सार्थक दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, साध्वी भगवती सरस्वती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, रेखा आर्या सहित देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में योग साधक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
