तकनीकी समस्या के चलते पौड़ी में गैस बुकिंग की मैनुअल व्यवस्था लागू
ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत, उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसी से कराएं बुकिंग: जिला पूर्ति अधिकारी
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में गैस बुकिंग से संबंधित ऑनलाइन माध्यमों (व्हाट्सएप, मोबाइल एप आदि) में तकनीकी समस्याएं आने के कारण अस्थायी रूप से मैनुअल बुकिंग की व्यवस्था लागू कर दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है। अब उपभोक्ता अपनी गैस बुकिंग सीधे संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गैस की आपूर्ति संबंधित एजेंसियों द्वारा निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर डिलीवरी व्यवस्था के माध्यम से की जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ एकत्रित न करें तथा बुकिंग के बाद एजेंसी द्वारा निर्धारित तिथि पर ही गैस प्राप्त करें, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए एजेंसियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर गैस बुकिंग की जा सकती है।
उन्होंने जनपद के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अफवाह फैलाएं। वर्तमान में जनपद में घरेलू एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा नियमित रूप से गैस की आपूर्ति हो रही है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
