गंगा स्वच्छता और सदस्यता अभियान को लेकर गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति की बैठक
वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाने और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने पर हुई चर्चा
ऋषिकेश/मुनि की रेती। श्री गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति की ओर से गंगा स्वच्छता अभियान, सदस्यता विस्तार और समिति के आगामी वार्षिकोत्सव कार्यक्रम को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान चलाने तथा गंगा की स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान क्षेत्र के कई प्रबुद्ध जनों ने समिति की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर समिति के सचिव रवि शास्त्री ने नए सदस्यों आचार्य नवीन जोशी, आचार्य सुशील नौटियाल, बुद्धि राम शर्मा और जगदीश उनियाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
समिति के अध्यक्ष दिनेश डबराल ने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति जन-जन तक गंगा स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, जिससे आमजन गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने में सहभागी बन सकें।
बैठक में मनोज मलासी को समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य राम कृष्ण पोखरियाल ने किया।
इस अवसर पर अशोक क्रेजी, सतेन्द्र चौहान, धनीराम बिंजोला, सोनू ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे
