पौड़ी

जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की सख्ती, 15 प्रवर्तन टीमों का औचक निरीक्षण अभियान

15 स्थानों पर जांच, पौड़ी में 2 घरेलू गैस सिलेंडर ज़ब्त, एक प्रतिष्ठान पर ₹2300 का जुर्माना

पौड़ी, 14 मार्च। जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की 15 प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि श्रीनगर, कोटद्वार, दुगड्डा, पौड़ी, धुमाकोट/नैनीडांडा, चाकीसैंण, कोट/खोलाचौरी, चेलूसैंण, पाबौ, सतपुली, लैंसडौन, लक्ष्मणझूला, नौगांवखाल/पोखड़ा, थलीसैंण तथा उफरैंखाल/रिखणीखाल क्षेत्रों में संचालित गैस गोदामों, पेटी डीजल डीलरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटल-ढाबों और धर्मशालाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संचालकों को स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी द्वारा तहसील परिसर में संचालित आउटसोर्स कैंटीन में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से दो घरेलू सिलेंडर ज़ब्त किए गए तथा नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इसके अलावा निरीक्षण के दौरान पौड़ी क्षेत्र में एक अन्य प्रतिष्ठान में भी घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालक पर ₹2300 का अर्थदंड लगाया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या प्रतिष्ठान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक तथा विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *